पति ने की पत्नी की हत्या, दुकान में जाकर गोली मारी

जोधपुर फलोदी राजस्थान

फलोदी। राजस्थान के फलोदी में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या से पहले आरोपी अपनी पत्नी की शॉप पर पहुंचा था और दोनों में बहस हुई थी। उसने पत्नी को धमकाया भी था कि आज या तो तू रहेगी या मैं। इसके बाद आरोपी ने पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। यह घटना फलोदी के नागौर रोड स्थिति सिटी पॉइंट के पास रविवार दोपहर एक बजे की है।

जानकारी के अनुसार, मृतका अनामिका विश्नोई (33) की फलोदी में सिटी पॉइंट के समीप नारी कलेक्शन के नाम से शॉप थी। 13 साल पहले अनामिका की महिराम निवासी नगरासर (बीकानेर) के साथ शादी हुई थी। दोनों के 12 और 10 साल के दो बेटे हैं। अनामिका का पति महिराम नगरासर गांव में मेडिकल की शॉप है। अनामिका का पीहर फलोदी के पास खारा गांव में है।

पिछले दो सालों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। भरण पोषण को लेकर मामला कोर्ट में चल रहा था। विवाद के बाद महिला फलोदी में वेदों की बगीची में किराए पर अपने दोनों बेटों के साथ रहती थी। बच्चों ने पुलिस को बताया कि वारदात से पहले उनके पिता रविवार सुबह 11:30 बजे घर पर आए थे। कहा था कि आज या तो तुम्हारी मां रहेगी या मैं। इसके बाद दुकान पर जाकर मां को गोली मार दी।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

कार्यवाहक एसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस दुकान पर पहुंची। दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले तो सारी घटना सामने आई। सीसीटीवी देखने पर पता चला अनामिका का पति महिराम दोपहर में दुकान में आया था। यहां दोनों पति-पत्नी के बीच बहस भी हुई थी।

दुकान मालिक ने बताया कि दोपहर को घटना से पहले उसने अनामिका को कुर्सी पर बैठे हुए देखा था। दोपहर 3 बजे तक जब अनामिका बाहर नहीं आई तो वह दुकान के गेट पर गया तब जाकर घटना का पता चला। दुकान के अंदर खून बिखरा हुआ था और फर्श पर गोली का खोल ​पड़ा हुआ था। दुकान मालिक ने अनामिका के पिता तेजाराम को घटना की सूचना दी। इसके बाद महिला को फलोदी अस्पताल लेकर आया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *