30 जून को जोधपुर आएंगे केंद्रीय मंत्री शेखावत

जोधपुर राजस्थान
  • सुबह 9 बजे पहुंचेंगे जोधपुर रेलवे स्टेशन
  • रेलवे स्टेशन से निज निवास स्थान अजीत कॉलोनी तक होगा भव्य स्वागत

जोधपुर, 27 जून। जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए गजेंद्र सिंह शेखावत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नवगठित कैबिनेट में शामिल होने के बाद प्रथम बार 30 जून (रविवार) को सुबह 9 बजे जोधपुर आ रहे हैं। मोदी कैबिनेट में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद गृहनगर जोधपुर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन से निवास स्थान अजीत कॉलोनी तक शेखावत का जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर ने जोर-शोर से तैयारी आरंभ कर दी है।

भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत दिल्ली से शनिवार रात 29 जून को रवाना होकर 30 जून को सुबह 9 बजे जोधपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां उनका भव्य स्वागत सत्कार किया जाएगा। जोधपुर रेलवे स्टेशन से पुरी तिराहा सोजतीगेट, मोहनपुरा पुलिया होते हुए निज निवास स्थान अजीत कॉलोनी तक भाजपा कार्यकर्ताओं, विविध सामाजिक संगठनों, यूनियनों और संस्थाओं की ओर से केंद्रीय मंत्री शेखावत का भव्य स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन शेखावत के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। भाजपा ने इसको लेकर तैयारियां आरंभ कर दी हैं।